तेज़ रफ़्तार का कहर से शिक्षक की मौत।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल मुख्यालय जिला के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के मानपुर रोड पर ग्राम कोठिया के पास शनिवार रात करीब 8 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे शासकीय शिक्षक को रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को कुछ दूरी पर खड़ा कर फरार हो गया।
मृतक शिक्षक की पहचान अजय सिंह (52 वर्ष) निवासी रामनगर के रूप में हुई है। वे ब्यौहारी विकासखंड के माध्यमिक विद्यालय बसही में पदस्थ थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल से छुट्टी के बाद शिक्षक अजय सिंह किसी निजी कार्य से ग्राम कोठिया गए हुए थे।
इसी दौरान मानपुर मार्ग पर सड़क पार करते समय मानपुर की ओर से ब्यौहारी की तरफ जा रहे रेत से लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर खड़े ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है।
ट्रक में रेत लोड बताई जा रही है। रेत वैध है या अवैध जिसकी जांच की जा रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। ट्रक को जप्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इधर शिक्षक की मौत की खबर से शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर फ़ैल गई है।