Top News

 निःशुल्क राशन प्राप्त के लिए हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराया जाना अनिवार्य।

अनूपपुर // शासन द्वारा निःशुल्क राशन के लिए ई-केवाईसी कराया जाना अनिवार्य कर दिया गया है और इसके लिए अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। जिले में ई-केवाईसी नही होने पर हितग्राही निःशुल्क राशन से वंचित हो सकते हैं। ई-केवाईसी में बुजुर्गों और 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के फिंगर प्रिन्ट मिलान में समस्या आ रही थी, जिसके कारण उनका बायोमेट्रिक सत्यापन नही हो पा रहा था। इस समस्या के निराकरण के लिए शासन द्वारा मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो चेहरे को स्क्रीन कर ई-केवाईसी अपडेशन करेगी। इससे काम शुरु हो गया है। इसमें खास बात यह है कि कोई भी हितग्राही खुद भी इस एप को डाउनलोड कर अपडेशन कर सकता है। इसके लिए उसे प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करना होगा और मांगी गई जानकारी भरनी होगी। इसमें फ्रंट कैमरा चालू कर दो बार पलक झपकते ही ई-केवाईसी अपडेट हो जाएगी।    

इस तरह कर सकते हैं अपना सत्यापन

सबसे पहले गुगल प्ले स्टोर में जाकर ई-केवायसी एप को डाउनलोड करना होगा। इसमें मोबाइल की लोकेशन चालू रखनी होगी। ई-केवायसी करते समय फेस ई-केवायसी का पेज खुलेगा। इसमें राज्य मध्यप्रदेश का चयन करना है और अपनी 12 अंकों की आधार संख्या डालनी है।

जिसके उपरांत मोबाइल पर एक 6 अंक का ओटीपी आएगा। इसके बाद नाम, राज्य, समग्र आईडी सहित अन्य जानकारी भरनी होगी। फेस ई-केवायसी पर सहमति घोषणा देने के बाद मोबाइल का फ्रंट कैमरा चालू करना होगा। मोबाइल कैमरे में चेहरा जिस गोले के अंदर दिखाई देगा उसका रंग हरा हो जाए तो हितग्राही को 2 बार पलक झपकाना होगा। ई-केवायसी पूरा होने के बाद उसका स्क्रीन शाट ले लें।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने जिले के सभी निःशुल्क राशन प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से अनुरोध किया है कि अपना ई-केवायसी सत्यापन 30 अप्रैल 2025 तक अनिवार्य रूप से करावें। 

Previous Post Next Post