ब्यौहारी में जन सेवा संकल्प यात्रा” का पुष्प वर्षा के साथ हुआ भव्य स्वागत।
सांसद एवं विधायक ने की गौ पूजा-अर्चना, मरीजों को वितरित किए फल।
रिपब्लिक न्यूज़।।शहडोल मुख्यालय जिला सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितम्बर से वाराणसी से वडनगर तक प्रारंभ हुई जन सेवा संकल्प यात्रा के शहडोल जिले के ब्यौहारी आगमन पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक शरद कोल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
जन सेवा संकल्प यात्रा के दौरान सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं विधायक शरद कोल ने ब्यौहारी के ग्राम पंचायत बोडिहा में संचालित गौशाला पहुंचकर गौ पूजा-अर्चना की। साथ ही, उन्होंने सिविल अस्पताल ब्यौहारी पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अर्चना मिश्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष आकांक्षी सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कल्पना यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से उनके जन्मस्थान वडनगर, गुजरात तक जन सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है।
