निजी भूमि पर अवैध रेत का भंडारण।
जेसीबी मशीन से किया जा रहा वाहनों पर लोडिंग।
स्थानीय पुलिस प्रशासन के मिली भगत से किया जा रहा व्यापार।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल मुख्यालय जिला के जैतपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं व्यापार का कारोबार धड़ल्ले संचालित हो रहा है। वहीं स्थानीय निवासियों ने बताया है कि निजी खेत में डंप की गई रेत को जेसीबी की मदद से हाइवा वाहनों में भरकर खुलेआम परिवहन किया जा रहा है। दिनदहाड़े हो रही इस गतिविधि से खनन माफियाओं के इस तरह के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जबकि प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोठारी के पास स्थित करिया सिरा का है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली से नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर निजी खेतों में डंप कर देते हैं। बाद में दिन के उजाले में उसी रेत को जेसीबी की सहायता से हाइवा वाहनों में भरकर दूसरे स्थानों पर भेजा जाता है।
बताया गया कि एक ग्रामीण की बिना अनुमति उसकी निजी भूमि में कई ट्रॉली रेत डंप कर दी गई थी। जब ग्रामीण ने इसका विरोध किया तो माफिया रेत उठाने पहुंचे और जेसीबी से हाइवा में लोड कर परिवहन करने लगे। इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब वे अपने खेतों में पहुंचते हैं, तब उन्हें पता चलता है कि वहां रेत का भंडारण कर दिया गया है। स्थानीय निवासियों के विरोध करने पर माफिया रेत हटाते जरूर हैं, लेकिन उनके हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें किसी कार्रवाई का डर नहीं है। लोगों का दावा है कि अभी भी मौके पर कई हाइवा रेत से भरे खड़े हैं।
स्थानीय लोगों ने जैतपुर थाने में पदस्थ एक आरक्षक यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि जिले में फिलहाल रेत का कोई वैध ठेका संचालित नहीं है और बारिश के मौसम में जुलाई माह के दौरान खनन की अनुमति भी नहीं रहती। इसके बावजूद क्षेत्र में कथित रूप से अवैध उत्खनन और परिवहन जारी रहने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं इस संबंध में जैतपुर थाना प्रभारी जे.पी. शर्मा ने कहा, मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है। मैं इसकी जानकारी लेकर जांच करवाता हूं।
