Top News

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विषय पर सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है।

नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियां।

रिपब्लिक न्यूज़।।

शहडोल मुख्यालय प्रदेश शासन के निर्देश पर राज्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विषय पर शहडोल जिले के विभिन्न ग्रामों, हाट-बाजारों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। 

सम्पूर्ण नाट्य एवं लोक कला समिति, शहडोल एवं मध्यप्रदेश के कई कलाकारों द्वारा अलग-अलग समूहों में टीमों का गठन कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।

जिला प्रशासन के सहयोग एवं निर्देशानुसार आयोजित इन सभी प्रस्तुतियों में नुक्कड़ नाटक के साथ ऑडियो क्लिप का भी उपयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम की विषयवस्तु में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल तथा प्रधानमंत्री के रूप में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों से संबंधित प्रसंगों को नाट्य एवं ऑडियो प्रस्तुति के माध्यम से शामिल किया गया है। साथ ही विभिन्न समय में देश के सामने आई आपदाओं एवं चुनौतियों के दौरान किए गए प्रयासों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया है।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा, गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से जुड़े प्रसंगों तथा वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके कार्यकाल से संबंधित विषयों को संवाद, अभिनय एवं ऑडियो ट्रैक के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, इन प्रस्तुतियों का उद्देश्य संबंधित विषयों एवं योजनाओं की जानकारी को सहज एवं सांस्कृतिक माध्यम से आमजन तक पहुंचाना है।

ऐसा ही एक कार्यक्रम शहडोल जिला मुख्यालय में संचालित निजी शिक्षण संस्था शिवानी पैरामेडिकल टेक्नोलॉजी परिसर में आयोजित किया गया।

नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक की कई गतिविधियों का शुभारंभ 17 सितम्बर 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया। सभी प्रस्तुतियां 24 सितम्बर 2026 तक विभिन्न स्थानों पर जारी रहेंगी। कार्यक्रम का समापन 25 सितम्बर 2026 को किया जाएगा, जिसमें कलाकारों एवं सहयोगियों के सम्मान का आयोजन भी प्रस्तावित है।

नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों में रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी एवं साथी कलाकारों द्वारा विभिन्न स्थानों पर सहभागिता की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुछ स्थानों पर समय एवं स्थल में परिवर्तन भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक स्थानों पर प्रस्तुतियां आयोजित की जा सकें।

Previous Post Next Post