यातायात थाना परिसर में पुलिस ऑडिटोरियम भवन का उद्घाटन।
पुलिस अधीक्षक शहडोल ने परिसर में नीम के पौधों का रोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल मुख्यालय मध्यप्रदेश पुलिस-प्रशासन मुख्यालय भोपाल द्वारा पुलिस बल की कार्यकुशलता, क्षमता विकास, प्रशिक्षण एवं कल्याण को निरंतर सुदृढ़ किए जाने की दिशा में विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पुलिस बल शहडोल द्वारा थाना यातायात परिसर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं विभागीय गतिविधियों के आयोजन हेतु नवनिर्मित पुलिस ऑडिटोरियम भवन का निर्माण कराया गया है।
आज दिनांक 09.09.2026 को पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल शहडोल द्वारा नवनिर्मित पुलिस ऑडिटोरियम भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस ऑडिटोरियम के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पुलिस बल की व्यवसायिक दक्षता एवं कार्यकुशलता को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
पौधा रोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
ऑडिटोरियम भवन के उद्घाटन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा थाना यातायात परिसर में 50 से अधिक नीम के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग द्वारा कानून- व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ- साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया जा रहा है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी यातायात सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संकल्प लिया गया। साथ ही, रोपित किए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।