Top News

शिक्षकों

 समाज में नेतृत्व क्षमता विकसित करेगा सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम- विधायक।

ब्यौहारी में समाज कार्य स्नातक एवं परास्नातक के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ।

शहडोल मुख्यालय मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के अंतर्गत समाज कार्य स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ कार्यक्रम रविवार को पंडित रामकिशोर शुक्ला शासकीय महाविद्यालय ब्यौहारी में आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री शरद जुगलाल कोल ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया। विधायक श्री शरद जुगलाल कोल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी विरासत, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों को समझने का अवसर मिलता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. तिवारी ने कहा कि विगत वर्षों से संचालित इस पाठ्यक्रम से अनेक विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेकर अपने गांव और समाज का नेतृत्व कर रहे हैं तथा समाज कार्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों को समझते हुए समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

विकासखंड ब्यौहारी के समन्वयक श्री शिवदत्त उर्मलिया ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित समाज कार्य स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के माध्यम से समाज के बीच कार्य करने एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित परामर्शदाताओं द्वारा विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के विभिन्न विषयों, परीक्षा प्रणाली, प्रोजेक्ट कार्य, फील्ड वर्क एवं पाठ्यक्रम से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। विधायक शरद जुगलाल कोल ने विद्यार्थियों को शिक्षा एवं नशामुक्ति के संबंध में शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में विकासखंड नोडल अधिकारी योगेश चंद्र गुप्ता, शासकीय महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. संजय गुप्ता, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परामर्शदाता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post