Top News

मेंटेनेंस कार्य के दौरान बिजली के पोल से गिरकर ठेका मजदूर की मौत मामले में SECL प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैकेनिकल इंजीनियर और इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया है।

 रिपब्लिक न्यूज।।

शहडोल मुख्यालय जिला के SECL सोहागपुर क्षेत्र अंतर्गत बंगवार भूमिगत कोयला खदान में हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। मेंटेनेंस कार्य के दौरान बिजली के पोल से गिरकर ठेका मजदूर की मौत के मामले में SECL प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैकेनिकल इंजीनियर और इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर को सस्पेंड कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम डोंगरा टोला, पोस्ट चचाई निवासी 43 वर्षीय मोहे लाल सिंह, पिता ठुन्नू सिंह, SECL में ठेका मजदूर के रूप में काम करते थे। बुधवार को वे रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचे और खान प्रबंधक कार्यालय के सामने स्थित बिजली के पोल पर मेंटेनेंस कार्य करने के लिए चढ़े। 

इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वे ऊंचाई से नीचे गिर पड़े।

हादसे में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं,घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों की मदद से उन्हें तत्काल केंद्रीय चिकित्सालय बुढ़ार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आदित्य अस्पताल शहडोल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। 

मामले में लापरवाही सामने आने पर SECL मुख्यालय बिलासपुर के निर्देश पर मैकेनिकल इंजीनियर विकास सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर जय कुमार वर्मा पर भी उप क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है। 

चौंकाने वाली बात यह भी है कि SECL प्रबंधन ने घटना की सूचना धनपुरी पुलिस को करीब 24 घंटे बाद दी, जिससे प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस घटना ने SECL क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की जान की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। अधिकारियों ने सस्पेंशन की पुष्टि की है।

फिलहाल सस्पेंशन की कार्रवाई तो हो गई, लेकिन इस हादसे ने साफ कर दिया है कि खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा अब भी भगवान भरोसे है। बड़ा सवाल यही है कि क्या जिम्मेदारों पर हुई यह कार्रवाई भविष्य में ऐसे हादसों को रोक पाएगी या फिर कोई और मजदूर इसी तरह लापरवाही का शिकार बनेगा, यह सवाल अब भी बरकरार है।

Previous Post Next Post