जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर की गई कार्यवाही।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल अनूपपुर// मुख्यालय जिला अनूपपुर के जिला खनिज अधिकारी ने जानकारी दी है कि खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 14 से 30 मई 2024 तक जिला अनूपपुर अन्तर्गत आकस्मिक निरीक्षण के दौरान खनिज रेत के अवैध उत्खनन में 04 वाहन ट्रैक्टर मय ट्राली खनिज रेत एवं गिट्टी के अवैध परिवहन में 21 वाहन ट्रैक्टर मय ट्राली, मेटाडोर को जप्त किया जाकर वाहन स्वामियों के विरूद्ध नियमानुसार अवैध उत्खनन एवं अवैध परिवहन के प्रकरण पृथक-पृथक तैयार कर उक्त सभी प्रकरणों में कुल अर्थदण्ड राशि रूपये 7.43,675 रूपए (सात लाख तिरालिस हजार छः सौ पचहत्तर रूपये) प्रस्तावित किया जाकर न्यायालय कलेक्टर, जिला अनूपपुर में निराकरण हेतु प्रस्तुत किया गया है। साथ ही निरंतर अवैध उत्खनन, परिवहन में संलिप्त पाये जाने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध अनुविभागीय दण्डाधिकारी अनूपपुर के द्वारा द०प्र०सं० के तहत धारा 107, 116, 110 जा.फौ. के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है, अनुविभागीय दण्डाधिकारी, अनूपपुर द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 151 जा.फौ. के तहत 02 व्यक्तियों को जेल में निरूद्ध किया गया है।
इसी प्रकार ग्राम पाटन में प्राथमिक विद्यालय भवन के सामने अवैध उत्खननकर्ता एवं भण्डारणकर्ता दिग्विजय सिंह राठौर निवासी राजनगर द्वारा शासकीय भूमि खसरा नम्बर 100/1 रकवा 0.700 हे. में अवैध रूप से बाड़ी बनाकर रेत भण्डारण कर कब्जा किया गया था। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जैतहरी द्वारा अवैध भण्डारणकर्ता द्वारा शासकीय भूमि पर किये गये अतिक्रमण को हटाया जाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। जिले में अवैध उत्खननकर्ता, परिवहनकर्ता, भण्डारणकर्ता पर जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जाकर कड़ी कार्यवाही की जा रही है तथा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण पर जिला प्रशासन द्वारा सतत् निगरानी की जा रही है।