Top News

बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम एवं बच्चों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए जिले में चलाया गया विशेष अभियान।

चौपाटी, मंदिर परिसर, दुर्गा पंडाल, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थलों पर की गई निगरानी, बच्चों और अभिभावकों को किया जागरूक।

रिपब्लिक न्यूज़।।

शहडोल मुख्यालय महिला एवं बाल विकास विभाग शहडोल द्वारा बाल भिक्षावृत्ति अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम एवं बच्चों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के साथ जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।

अभियान के अंतर्गत चौपाटी, मंदिर परिसर, दुर्गा पंडाल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों की पहचान करना, उन्हें भिक्षावृत्ति से मुक्त कराकर सुरक्षित वातावरण एवं आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराना तथा उनके पुनर्वास की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करना है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बाल भिक्षावृत्ति के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों की शिक्षा, उनके अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे बच्चों को भिक्षा देने के बजाय उन्हें शिक्षा प्राप्त करने तथा सुरक्षित भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। अभियान का उद्देश्य बच्चों को भिक्षावृत्ति से दूर रखकर उनके संरक्षण, शिक्षा एवं पुनर्वास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

Previous Post Next Post