एसडीएम दीपक मंडावी ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैतपुर का किया औचक निरीक्षण।
रिपब्लिक न्यूज़।।
शहडोल मुख्यालय जिला के जैतपुर राजस्व अनुविभागीय अधिकारी दीपक मंडावी ने शनिवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैतपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय एवं छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं और संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।
एसडीएम श्री मंडावी ने विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता, अनुशासन, खेलकूद तथा विद्यार्थियों के दैनिक क्रियाकलापों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, भोजन, खेलकूद एवं छात्रावास से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एसडीएम से संवाद किया और अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अवगत कराया। एसडीएम श्री मंडावी ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता एवं सुरक्षित छात्रावास व्यवस्था उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यालय की समस्त गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शैक्षणिक तथा गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।
