Top News

शासकीय कार्यालय परिसर में हरियाली के साथ खुशहाल जीवन संस्कृति संस्कार से संचालित होता है केन्द्र।

बीईओ कार्यालय गोहपारू बना हरियाली, संस्कृति और खुशहाली का प्रेरक केंद्र।

रिपब्लिक न्यूज।।

शहडोल मुख्यालय जिला के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय गोहपारू पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है। उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग जे.पी. यादव एवं सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा के सतत मार्गदर्शन एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी ललित पाण्डेय एवं उनकी समर्पित टीम के अथक प्रयासों से कार्यालय परिसर को एक सुंदर हरित वाटिका के रूप में विकसित किया गया है।

कार्यालय परिसर में लगभग 30 आम, 10 आंवला, 20 अमरूद के पौधों के साथ केला, पपीता, अनार, नींबू, कटहल सहित विभिन्न फलदार वृक्ष लगाए गए हैं। इसके अलावा बरगद, पीपल और नीम जैसे छायादार वृक्ष तथा गुलाब, बेला, चमेली, मोगरा, कुंद एवं रातरानी जैसे पुष्पीय पौधे परिसर की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। परिसर में 251 तुलसी के पौधे, मौसमी सब्जियां तथा औषधीय महत्व की "सागरीला" हल्दी का भी रोपण किया गया है।

चार वर्ष पूर्व लगाए गए पौधे अब फल-फूल रहे हैं और पूरे परिसर को शांत, स्वच्छ एवं मनोहारी वातावरण प्रदान कर रहे हैं। यहां आने वाले लोगों को प्रकृति के सान्निध्य के साथ सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव होता है। बीईओ कार्यालय परिसर में होली, दीपावली, रामनवमी, जन्माष्टमी तथा महापुरुषों की जयंती जैसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किए जाते हैं, जिससे भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन को बल मिल रहा है।

जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों ने इस परिसर को विकास और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया है।

Previous Post Next Post