शासकीय सेवा में संवेदनशीलता के साथ जन सेवा से जुड़े कार्याें से ही सफलता मिलती है- आयुक्त शहडोल संभाग।
जनता से जुड़ने से जनसेवा का अवसर मिलता है- पुलिस महानिरीक्षक।
शासकीय सेवा में सदैव स्थानांतरण के लिए तैयार रहना चाहिए- डीआईजी।
प्रशासनिक सेवा का उद्देश्य सदैव जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना है- कलेक्टर।
स्थानांतरित सीईओ जिला पंचायत एवं एसडीएम को दी गई भाव भीनी विदाई।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल मुख्यालय जिला प्रशासनिक सेवा में विभिन्न दायित्वों को निभाने का अवसर मिलता है। यह सेवा जीवन भर सीखने का अवसर देती है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के स्थानांतरित अधिकारी द्वय सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनन्द तथा एसडीएम अरविंद शाह के कैरियर की शुरूआत शहडोल से हुई है। उनका यहां का कार्यकाल अच्छा रहा है।
कमिश्नर ने कहा कि दोनो अधिकारी जीवन में मिलने वाले विभिन्न अवसरों में पूरी संवेदनशीलता के साथ जनहित एवं जनसेवा से जुड़े रहें। अपनी क्रियाशीलता को बढ़ाकर रखें तथा सोच समझकर निर्णय लें। प्रशासकीय दायित्वों के साथ अपने निजी एवं पारिवारिक जीवन का भी ध्यान रखें।
आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता ने शहडोल जिले से स्थानांतरित होकर नई पदस्थापना में जाने वाले अधिकारियों के विदाई समारोह को संबोधित कर रही थीं।
पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन अनुराग शर्मा नें कहा कि किसी भी प्रशासनिक अधिकारी की सफलता का आकलन उसका जनता से जुड़कर उन्हें सेवा प्रदाय करने से आंका जाता है। हमें पूर्ण विश्वास है कि दोनो अधिकारी जनसेवा में संलग्न रहकर जनहित के कार्य करते रहेंगे। पुलिस उप महानिरीक्षक शहडोल जोन सविता सुहाने ने कहा कि स्थानांतरण एक शासकीय प्रक्रिया है। शासकीय सेवक को सदैव स्थानांतरण के लिए तैयार रहना चाहिए।
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा कि दोनो अधिकारियों ने बहुत कम समय में जिले में अपनी प्रशासनिक छाप छोड़ी है। उन्होंने आगामी जीवन की सफलता की शुभकामना देते हुए कहा कि जहां भी रहें पूरी मेहनत एवं लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यक्रम को पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव एवं वनमण्डलाधिकारी श्रद्धा पेन्द्रे ने भी संबोधित किया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा की वर्ष 2021 बैच की अधिकारी सीईओ जिला पंचायत सौम्या आनन्द ने कहा कि तमिलनाडु कैडर से परिवर्तन कराकर मध्यप्रदेश कैडर में शहडोल में जब नियुक्त मिली तो मन में कई संशय थे। मुझे इस क्षेत्र की कार्य, संस्कृति और यहां के सामाजिक ताने बाने की जानकारी नही थी। शहडोल में मुझे सीईओ जनपद पंचायत बुढ़ार, एसडीएम ब्यौहारी तथा सीईओ जिला पंचायत के दायित्वों के निर्वहन का अवसर मिला। वरिष्ट प्रशासनिक अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन तथा अधीनस्थ स्टाफ के सहयोग से जन सेवा करने तथा सीखने का अवसर प्राप्त हुआ। इसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देती हूं।
भारतीय प्रशासनिक सेवा की वर्ष 2021 बैच के अधिकारी एसडीएम अरविंद शाह की पदस्थापना अपर आयुक्त नगर निगम जबलपुर के पद पर हुई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन एवं सहयोग से दो वर्षाें का कार्यकाल पूरा किया है। उन्होंने कहा कि हमने शासकीय सेवा में न्यास सबके लिए समान है का सिद्धांत अपनाया है। आगे भी इसका पालन करता रहूंगा। सेवा काल के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों एवं अधीनस्थ स्टाफ सहित आमजनता के सहयोग के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान, एसडीएम जयसिंहनगर काजोल सिंह, एसडीएम जैतपुर अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर, सीएसपी, एवं एसडीओपी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुद्रिका सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनन्द राय सिन्हा, डीपीसी अमर नाथ सिंह, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सहित प्रशासनिक अमला विदाई समारोह कार्यक्रम में शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पाण्डेय ने किया।
