Top News

जिला दण्डाधिकारी ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश।

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर पार्थ जायसवाल के सख्त निर्देश, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई*

ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य, वाहनों की नियमित जांच और प्रमुख चौराहों पर व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश।

रिपब्लिक न्यूज़।।

शहडोल मुख्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पार्थ जायसवाल ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा विशेष अभियान चलाकर आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के जमुई, धुरवार, कंचनपुर एवं लालपुर क्षेत्रों में हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाकर आवश्यक सुधार कार्य कराने को कहा है, जिससे वाहनों का आवागमन सुगम हो और दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग एवं मुख्य जिला मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर दीर्घकालीन सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कलेक्टर ने जिलेभर में दोपहिया, चारपहिया एवं व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच करने तथा ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, पंजीयन एवं ओवरलोडिंग की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

शहडोल शहर के जयस्तंभ चौक, पुराना बायपास, इंदिरा चौक तथा न्यू एवं ओल्ड गांधी चौक सहित प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि यातायात अवरुद्ध न हो।

उन्होंने दुर्घटनाओं में शामिल व्यावसायिक एवं निजी दोपहिया तथा चारपहिया वाहनों की सूची तैयार करने और उनके बीमा संबंधी दस्तावेजों की वैधता एवं अधिकृत एजेंसी में पंजीयन की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर श्री जायसवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का पालन कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आगामी बैठक में इन बिंदुओं पर पुनः चर्चा की आवश्यकता न पड़े।

Previous Post Next Post