Top News

खाद्य पदार्थों में मिलावट खोरों के खिलाफ शक्त कार्यवाहीं।

खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सख्त कार्रवाई‌

शहडोल, जैतपुर, केशवाही एवं नरसरहा में प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

रिपब्लिक न्यूज़।।

शहडोल मुख्यालय जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देश पर तथा अभिहित अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की तथा आवश्यक नमूने एकत्रित किए।

मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से की गई जांच

मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (एमएफटीएल) के माध्यम से शहडोल क्षेत्र में अपना राजस्थान स्वीट्स, राजस्थान स्वीट्स, न्यू कलकत्ता डेयरी एंड डेली नीड्स, भुइया हलवाई, न्यू प्रयाग स्वीट्स, हीरा स्वीट्स डेयरी एंड डेली नीड्स तथा कलकत्ता डेयरी स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मौके पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।

इसके अतिरिक्त शहडोल क्षेत्र में अशोक कुमार टोपरदास, ओम ट्रेडिंग कंपनी, मान्या ट्रेडर्स, सतगुरु ट्रेडर्स एवं महालक्ष्मी एजेंसी का निरीक्षण किया गया। इन प्रतिष्ठानों से नारियल किस, काजू, सूजी, मिर्च पाउडर, खाद्य एसेंस, मसाले एवं चार बीज के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए।

जैतपुर एवं केशवाही में होटल और किराना दुकानों की जांच

जैतपुर एवं केशवाही क्षेत्र में किराना दुकानों तथा होटलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान भोला होटल, प्रकृति स्वीट मार्ट एवं गोविंदा होटल में रखरखाव एवं साफ-सफाई से संबंधित कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की शुद्धता की जांच के लिए पिस्ता एवं पनीर के नमूने भी लिए गए।

नरसरहा क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एस.एम. वरदान इंडस्ट्रीज में व्यवस्थाओं एवं रखरखाव से संबंधित कमियां पाई गईं। इस पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लिए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तथा जारी किए गए नोटिसों के जवाब मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन का निरीक्षण एवं जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Previous Post Next Post