मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा।
पुलिस प्रशासन ने की बड़ी कार्यवाही।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल मुख्यालय जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली थाना पुलिस लंबे समय से मोटरसाइकिल चोरी के मामलों की जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील वर्मा (26) निवासी ग्राम कोटमा, थाना सोहागपुर; मोहम्मद अहमद (38) निवासी वार्ड क्रमांक 4, कल्याणपुर, थाना कोतवाली; शुभम सरवारी उर्फ पापे (26) निवासी वार्ड क्रमांक 28, सौखी मोहल्ला, थाना कोतवाली; सुधीर केवट उर्फ छोटू (32), निवासी जमुई, थाना सोहागपुर; सागर जायसवाल उर्फ शिवम जायसवाल (24), निवासी जमुई, थाना सोहागपुर तथा विजय जायसवाल (31), निवासी जमुई, थाना सोहागपुर शामिल हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी सहित कोतवाली थाना के सभी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस प्रशासन टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।