Top News

बजरंग पावर प्लांट कंपनी के खिलाफ तालाब भराई को लेकर स्थानीय लोगों का आंदोलन जारी।

घुनघुटी में बजरंग पावर के खिलाफ तालाब भराई को लेकर जन आंदोलन जारी।

पर्यावरण और टाइगर कॉरिडोर पर सवाल।

रिपब्लिक न्यूज़।।

उमरिया जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत घुनघुटी क्षेत्र के गिठौरी गांव में बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड (बजरंग इस्पात) के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जन आंदोलन शुरू कर दिया है। आंदोलन का मुख्य मुद्दा गांव के पारंपरिक नाम टांकी दोड़िया तालाब में मिट्टी की पटाई और भराई है।

21 नवंबर 2026 को भी बारिश के बावजूद ग्रामीण छाते लेकर तालाब की मेड़ पर डटे रहे और बजरंग इस्पात वापस जाओ के नारे लगाते रहे। महिलाएं भी सक्रिय रूप से शामिल हैं।

घुनघुटी जंगल बचाओ समिति आंदोलन का समर्थन कर रही है। समिति का कहना है कि यह संघर्ष राजनीतिक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जलस्रोत और पर्यावरण बचाने का है। मांगें पूरी न होने पर सड़क जाम जैसे कदम उठाने की चेतावनी भी दी गई है।

हमारे जीवन में तालाब क्यों महत्वपूर्ण है?।

गिठौरी गांव का यह तालाब पीढ़ियों से ग्रामीणों के लिए जीवन रेखा रहा है। लोग यहां नहाते हैं, कपड़े धोते हैं और पशुओं को पानी पिलाते हैं। आसपास के जंगलों में विचरण करने वाले वन्यजीव भी इसी जलस्रोत पर निर्भर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी तालाब में मिट्टी डालकर भराई करा रही है और पानी पहुंचाने वाले प्राकृतिक स्रोत की दिशा में सड़क निर्माण से जल प्रवाह प्रभावित हो रहा है।क्षेत्र में भारी संख्या में पेड़, तालाब और नाले हैं।

यह इलाका जिले अंतर्गत वन क्षेत्र बांधवगढ़-अचानकमार टाइगर कॉरिडोर के करीब है। 

पथोरा वेस्ट कोल ब्लॉक (सोहागपुर कोलफील्ड) के लिए बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड को वन भूमि डायवर्जन की मंजूरी मिली है। प्रस्तावित खनन स्थल घुनघुटी वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से महज 500 मीटर दूर बताया गया है। दस्तावेजों में लगभग 149.68 हेक्टेयर वन भूमि और सैकड़ों पेड़ों की कटाई का जिक्र है।

पृष्ठभूमि और पिछले विवाद बजरंग पावर प्लांट को पथोरा वेस्ट कोल ब्लॉक आवंटित किया गया है। यह भूमिगत कोयला खनन परियोजना है, जिसमें प्रभावित गांवों में घुनघुटी, गिठौरी और पतनारकला शामिल हैं। अक्टूबर 2026 में भी कंपनी के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई थी। कंपनी की शिकायत पर कई ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी, जबकि ग्रामीणों ने कंपनी पर जबरन काम कराने और मुआवजा न देने के आरोप लगाए थे।कंपनी का पक्ष है कि काम भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन के नियमों व अनुमतियों के अनुसार चल रहा है।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भूमिका।

ग्रामीणों का आरोप है कि उमरिया कलेक्टर, संबंधित सांसद, क्षेत्रीय विधायक और पूर्व मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है। आंदोलनकारियों ने तालाब की पटाई तुरंत बंद कराने, मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार करने तथा कंपनी की लैंड क्लीयरेंस, राजस्व अभिलेख और अनुमतियों की जांच कराने की मांग की है।

तालाब भाटे जाने की एक बड़ी घटना शहडोल में भी बहुत पारदर्शी तरीके से हो रही है। जेल भवन के बगल में इस तालाब का जीणोद्धार तत्कालीन पर्यावरण मंत्री इंद्रजीत पटेल ने कलेक्टर पंकज अग्रवाल को निर्देश देकर सुरक्षित कराया था जिसमें शासन के लाखों रुपए खर्च हो गए थे तथा नालियों का भी निर्माण कराया गया था।

ताकि गंदगी अतिक्रमणकारियों वर्ग ना कर सके किंतु अब नगर पालिका शहडोल के द्वारा जहां इस तालाब में प्रधानमंत्री आवास सरेआम बनाए गए हैं वहीं तालाब के जल क्षेत्र के अंदर एक मेडिकल इंस्टिट्यूट के द्वारा कई फीट अंदर घुसकर तालाब को पाट दिया गया है जिसकी देखा करते हुए अन्य अतिक्रमणकारियों भी तालाब को बांटने के लिए रातों-रात प्रोत्साहित हो रहे हैं। किंतु इस मार्ग से निकलने वाला जिला और संभाग का महत्वपूर्ण राजस्व अमला इसके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है क्योंकि उन्हें एहसास है कि इस तालाब को नहीं बचाना है.? इसी प्रकार जब प्रदेश का मुख्यमंत्री घुनघुटी के इस कॉल ब्लॉक में उद्योगपतियों को भरे मंच से संरक्षण देकर शिलान्यास करता है तब क्या जंगल क्या तालाब क्या टाइगर प्रोजेक्ट का कोर जोन की क्या औकात है ?

वहीं स्थानीय लोगों ने फिर भी आंदोलनकारी का जज्बा तारीफ करने लायक है कि इस कड़क ठंड में भी उन्होंने तालाब संरक्षण के लिए आवाज़ बुलंद कर रखी हैं।खबर है इस कोल माइंस के इस आंदोलन के संबंध में रायपुर स्थित बोर्ड आफ डायरेक्टर गोयल परिवार में हलचल मची हुई है और वे भोपाल शासन के संपर्क में मामले के समाधान के लिए समन्वय बनाने के प्रयास में हैं।

Previous Post Next Post