पैरामेडिकल कॉलेज में किया गया रक्तदान।
छात्रों के साथ-साथ कर्मचारियों ने भी किया रक्तदान।
शहडोल मुख्यालय जिला में राष्ट्रीय रक्तदान दिवस 01 अक्टूबर के सुअवसर पर युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहडोल जिला नगर में संचालित शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में भव्य रक्तदान शिविर एवं ‘रक्तदान जागरूकता अभियान’ के अंतर्गत एक विशेष उपलक्ष्य पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं इस शिविर में कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया। साथ ही प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर करते हुए इसके चिकित्सीय व सामाजिक महत्व को समझा।
आयोजित क्विज़ प्रतियोगिता बेहद ज्ञानवर्धक रही, जिसमें कॉलेज के 15 छात्रों ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 100% (शत-प्रतिशत) सही उत्तर दिए। इन सभी मेधावी छात्रों को उनकी इस उत्कृष्ट सफलता और जागरूकता के लिए जिला चिकित्सालय शहडोल की ओर से विशेष तौर पर मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम के अवसर पर कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. डी.के. द्विवेदी, वर्तमान प्रिंसिपल एवं पूर्व ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुधा नामदेव सहित जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. शिल्पी सराफ, डॉ. दिव्यांश शर्मा, राजेश मेहरा, नरेंद्र सिंह, श्यामला राव, आशा चर्मकार, हीरालाल प्रजापति एवं शुभम त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राएं तथा फैकल्टी मेंबर्स (शिक्षण गण) भी पूरी ऊर्जा के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, जो किसी का जीवन बचा सकता है।
नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्रों की यह जागरूकता और सहभागिता समाज में एक बड़ा बदलाव लाएगी।
वहीं कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. डी.के. द्विवेदी एवं अतिथियों ने विजेता छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किये।कार्यक्रम के समापन में आए हुए सभी उपस्थित जनों को जीवन में नियमित रक्तदान करने का संकल्प भी दिलाया गया।

