धान खरीदी केंद्र में विडियो बनाने में युवक की हुई मौत।
रिपब्लिक न्यूज।।
शहडोल मुख्यालय जिला के पपौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत तिखवा ग्राम स्थित धान खरीदी केंद्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अन्ततः जिसमें एक युवक की जान चली गई, धान खरीदी केंद्र की अव्यवस्थाओं की फोटो खींचना एक युवक को इतना महंगा पड़ा कि उसके भाई को अपनी जान गंवानी पड़ी, इस सनसनीखेज मामले में धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा पर युवक की हत्या का आरोप लगा है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
स्थानीय लोगों के जानकारी अनुसार तिखवा ग्राम निवासी अशोक पाल धान खरीदी केंद्र में चल रही गतिविधियों की फोटो खींच रहा था। इसी बात को लेकर केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट की सूचना मिलते ही अशोक का भाई दिनेश पाल मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने का प्रयास किया।
लेकिन बताया जा रहा है कि इसी दौरान धान खरीदी केंद्र प्रभारी शशिकांत शर्मा ने अपना आपा खोते हुए लोहे की रॉड से दिनेश पाल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चलता रहा था।
करीब 8 दिनों तक मौत से जूझने के बाद आखिरकार दिनेश पाल ने दम तोड़ दिया। जैसे ही युवक की मौत की खबर मिली पूरे तिखवा गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने धान खरीदी केंद्र प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पपौंध पुलिस ने आरोपी शशिकांत शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।